ठंडी स्पेशल बाजरा रेसिपी
🔶🔶 बाजरे की इडली रेसिपी
सामग्री (3 लोगों के लिए)
1 कटोरी बाजरे का आटा
1 कटोरी खट्टा दही
1 कटोरी ब्लांच की हुई पालक का पल्प
2 चम्मच मकई की पेस्ट और दाने
1 चम्मच जीरा
1 हरी मिर्च
1 चम्मच ईनो फ्रूट नमक
आवश्यकतानुसार पानी
1 चम्मच नमक
इडली पर तड़का लगाने के लिए
1 चम्मच तेल
½ चम्मच राई
½ चम्मच चने की दाल
½ चम्मच उड़द की दाल
5-7 करी पत्ते
गार्निशिंग के लिए
गाजर के टुकड़े
सर्विंग के लिए
केचप
विधि
सबसे पहले एक बड़े बोल में बाजरे का आटा डालें और उसमें खट्टा दही मिलाएं। इसे अच्छे से मिक्स करके गाढ़ा घोल तैयार करें और इसे 5 मिनट के लिए छोड़ दें।
अब एक दूसरे बर्तन में पानी गर्म करें। इसमें पालक के पत्ते डालें, नमक और थोड़ी चीनी डालकर 5 मिनट तक उबालें। फिर तुरंत ठंडे पानी में डालकर पालक का रंग और हरापन बनाए रखें।
ठंडा होने पर पालक को मिक्सर जार में डालें, साथ में एक हरी मिर्च डालकर पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को बाजरे के आटे के मिश्रण में डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
अब इसमें जीरा डालें। मकई की पेस्ट और मकई के दाने भी डालकर अच्छे से मिक्स करें ताकि स्वाद बढ़े।
नमक डालें और जरूरत अनुसार पानी डालकर मिश्रण को अच्छे से मिलाएं। फिर इसमें ईनो फ्रूट नमक डालें। ऊपर से थोड़ा पानी डालकर धीरे-धीरे हिलाएं, ज्यादा नहीं।
स्टीमर को पहले से गरम करें और उसमें तेल लगाकर इडली के सांचों में मिश्रण डालें। ऊपर से गाजर की स्लाइस सजाएं ताकि दिखने में भी अच्छा लगे।
इडली को लगभग 10 मिनट तक स्टीम करें।
इडली बनने के बाद उसे 5 मिनट के लिए ठंडा होने दें।
तड़के के लिए एक छोटे पैन में तेल गरम करें। इसमें राई डालें, जब राई फूटने लगे तो चने की दाल, उड़द की दाल और करी पत्ते डालकर भूनें।
इस तैयार तड़के को इडली के ऊपर डाल दें।
बच्चों के लंच बॉक्स में बटर पेपर लगाकर इडली रखें और साथ में केचप की छोटी डिब्बी डालकर पैक करें।
तैयार है पौष्टिक और स्वादिष्ट बाजरे की इडली जो बच्चों के टिफिन के लिए बहुत उपयुक्त है। इसे आप घर पर आसानी से बना सकते हैं और बच्चों को एक हेल्दी ऑप्शन दे सकते हैं।
🔶🔶 बाजरे के गुड़ के लड्डू
सामग्री (4 लोगों के लिए)
2 कप बाजरा
2 कप गुड़
6 बड़े चम्मच मूंगफली
विधि
सबसे पहले बाजरे को अच्छी तरह साफ कर लें और फिर उसे बारीक पीस लें।
मूंगफली को हल्का सा भून लें ताकि उसका स्वाद और भी अच्छा आए।
एक पैन में 2 कप पानी लेकर उसमें गुड़ डालें और गुड़ को अच्छे से उबालें ताकि वह पूरी तरह घुल जाए।
अब इस उबले हुए गुड़ को बाजरे के आटे में डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
मिश्रण को हाथों से लेकर लड्डू का आकार दें।
आपके स्वादिष्ट और पौष्टिक बाजरे के गुड़ के लड्डू तैयार हैं। इन्हें आप अपने परिवार के साथ आनंद से खा सकते हैं।
🔶🔶 बाजरे की खट्टी राबड़ी
सामग्री (2 व्यक्तियों के लिए)
2 टेबल स्पून बाजरे का आटा
1/2 कप खट्टा दही
1/4 टीस्पून जीरा
1/4 टीस्पून अजवाइन
1/8 टीस्पून भुना हुआ जीरा पाउडर
नमक स्वादानुसार
बारीक कटा हुआ धनिया
विधि
सबसे पहले दही में 2 कप पानी डालकर अच्छी तरह फेंट लें ताकि दही पूरी तरह से घुल जाए।
अब बाजरे के आटे में नमक, जीरा, अजवाइन डालकर फेंटा हुआ दही मिलाएं। ध्यान रखें कि मिश्रण में कोई गांठ न बने और वह अच्छी तरह से मिल जाए।
एक मोटे तले वाले बर्तन में यह मिश्रण डालें और मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए उबालें।
जब मिश्रण उबलने लगे तो आंच धीमी कर दें और इसे गाढ़ा होने तक पकाएं। इसे लगातार चलाते रहें ताकि नीचे से न जले। इस प्रक्रिया में 5 से 7 मिनट लग सकते हैं।
इसके बाद एक कप और पानी डालें और तब तक पकाएं जब तक आटे का कच्चापन पूरी तरह से खत्म न हो जाए। यदि मिश्रण बहुत गाढ़ा हो जाए लेकिन आटा कच्चा लगे, तो थोड़ा और पानी डालकर पकाना जारी रखें।
जब आटा पूरी तरह पक जाए और मिश्रण मनचाही गाढ़ी बनावट में आ जाए, तब आंच बंद कर दें।
परोसने से पहले ऊपर से भुना हुआ जीरा पाउडर और बारीक कटा धनिया छिड़कें।
आपकी स्वादिष्ट और पौष्टिक बाजरे की खट्टी राबड़ी तैयार है, इसे गरमा गरम परोसें और आनंद लें।
🔶🔶 बाजरे के आटे का खाखरा
सामग्री
200 ग्राम बाजरे का आटा
50 ग्राम गेहूं का आटा
1/2 चम्मच अजवाइन
स्वादानुसार नमक
4 चम्मच तेल
आवश्यकतानुसार देसी घी
2 चुटकी हींग
आवश्यकतानुसार गुनगुना पानी
विधि
सबसे पहले बाजरे के आटे में गेहूं का आटा, नमक, अजवाइन और तेल डालें। अब इसमें हींग डालकर अच्छे से मिलाएं। इसके बाद गुनगुना पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें।
गूंथे हुए आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि वह थोड़ा सेट हो जाए। अब आटे को चिकना करें और छोटी-छोटी लोई बना लें। प्रत्येक लोई को सूखे आटे में लपेटकर पतली रोटी के आकार में बेल लें।
अब एक तवा गरम करें और उस पर ये बेलें हुई रोटियां डालें। इन्हें उलट-पलट कर कड़छी से दबाते हुए अच्छी तरह से सेकें।
जब रोटियां दोनों तरफ से हल्की सुनहरी हो जाएं, तब इन पर देसी घी या तेल लगाएं और फिर से सेक लें ताकि खाखरा कुरकुरा बन जाए।
सभी खाखरों को इसी तरह तैयार करें।
खाखरों को ठंडा होने दें और फिर उन्हें एयरटाइट कंटेनर में रखकर 15 दिनों तक सुरक्षित रूप से खाया जा सकता है।
यह स्वादिष्ट और पौष्टिक बाजरे के आटे का खाखरा चाय के साथ या स्नैक के रूप में बहुत अच्छा विकल्प है। इसे घर पर बनाना बहुत आसान है और यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है।
🔶🔶 बाजरे की कचौड़ी
सामग्री
दो लोगों के लिए
1 कटोरी बाजरे का आटा
2 उबले हुए आलू
1/2 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/2 छोटी चम्मच धनिया पाउडर
1/2 छोटी चम्मच जीरा पाउडर
1/2 छोटी चम्मच हल्दी पाउडर
1/2 छोटी चम्मच गरम मसाला पाउडर
स्वादानुसार नमक
आवश्यकतानुसार गुनगुना पानी
तलने के लिए तेल
विधि
सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धोकर उबाल लें। उबलने के बाद उनके छिलके उतारकर आलू को मैश कर लें। अब मैश किए हुए आलू में नमक और सभी मसाले मिलाकर अच्छी तरह स्टफिंग तैयार कर लें।
अब एक कटोरी में बाजरे का आटा छान लें और उसमें स्वादानुसार नमक डालें। धीरे-धीरे गुनगुना पानी डालते हुए हाथों से मुलायम आटा गूंथ लें।
गुंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। हर लोई को हाथों की मदद से थोड़ा फैलाएं और उसमें आलू के मसाले वाली स्टफिंग भरकर सावधानी से बंद कर दें। फिर इसे अपने हथेली पर पानी लगाकर कचौड़ी के आकार में फैलाएं।
कड़ाही में तेल गरम करें। जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तो उसमें तैयार कचोरियों को मध्यम आंच पर सुनहरा भूरा होने तक तल लें।
तली हुई कचोरियों को कड़ाही से निकालकर किचन पेपर पर रखें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।
गर्मागर्म बाजरे की कचौड़ी को चाय या कॉफी के साथ परोसें और इसके स्वाद का आनंद लें। यह कचौड़ी स्वाद में अनोखी और पौष्टिक होती है, खासकर ठंडी शामों में यह एक बेहतरीन स्नैक है।
🔶🔶 बाजरे की रोटी
सामग्री
दो या अधिक लोगों के लिए
1 कप बाजरे का आटा
स्वादानुसार नमक
घी या मक्खन
विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बाजरे का आटा, नमक और गरम पानी की मदद से आटा गूथ लें। ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न बहुत नरम। इसे अच्छे से गूथने के बाद आटे को 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि आटा फूल कर सेट हो जाए।
अब आटे से थोड़ा हिस्सा लेकर हथेली की मदद से अच्छी तरह मसालकर आटा मुलायम कर लें। जब आटा मुलायम हो जाए तो उससे छोटी-छोटी लोइयां बना लें।
अब लोई को हथेली से दबा- दबाकर बड़ी रोटी का आकार दें।
तवा गरम करें और उस पर तैयार रोटी रखें। रोटी पर थोड़ा पानी छिड़ककर धीरे-धीरे फैला दें ताकि वह अच्छी तरह से पक सके। जब रोटी का नीचे वाला हिस्सा सिक जाए तो चिमटे की मदद से उसे पलट दें।
अब दूसरी तरफ भी रोटी को अच्छे से सेक लें। जब रोटी दोनों तरफ सुनहरी और ब्राउन हो जाए, तो धीमी आंच पर गैस पर घुमाते हुए और सेक लें।
गरमागरम रोटी पर मक्खन या घी लगाएं ताकि उसका स्वाद और भी बढ़ जाए।
बाजरे की रोटी को मनपसंद सब्जी, कढ़ी, गुड़ या हरी मिर्च के साथ परोसें। यह स्वाद में अनोखी और पौष्टिक होती है और पारंपरिक भारतीय खाने में इसका अलग ही मज़ा है।
यह रोटी ठंडे मौसम में खासतौर पर बहुत पसंद की जाती है और शरीर को गर्माहट भी देती है।
🔶🔶 बाजरे का मलीदा
सामग्री
1 कप बाजरे का आटा
1 चुटकी नमक
1 कप गुड़, कद्दूकस किया हुआ
1 टेबल स्पून घी
1/4 छोटी चम्मच इलायची पाउडर
2-3 टेबल स्पून मिक्स ड्राई फ्रूट्स, कटे हुए
विधि
सबसे पहले बाजरे के आटे में नमक मिलाएं और पानी की मदद से नरम आटा गूथ लें। आटे को हथेली से अच्छी तरह मसालकर चिकना कर लें ताकि वह आसानी से काम में आ सके।
अब तवा गरम करें और हाथों से बाजरे की छोटी-छोटी रोटियां बना लें। इन्हें गरम तवे पर रखें और दोनों तरफ से अच्छे से सेक लें।
जब रोटियां सिक जाएं तो उन्हें गरमागरम ही चूर कर लें। फिर इसमें गुड़, घी, इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसे तुरंत ही सर्व करें।
अगर आप चाहें तो इस मिश्रण को लड्डू जैसा आकार देकर भी परोस सकते हैं। मेरा परिवार वैसे ही इसे खाना पसंद करता है।
बाजरे का मलीदा स्वाद में मीठा और पौष्टिक होता है, जो ठंडे मौसम में शरीर को गर्माहट देने में मदद करता है। इसे नाश्ते या स्नैक्स के रूप में लिया जा सकता है।
🔶🔶 बाजरे की सुकड़ी
सामग्री
चार लोगों के लिए
1 कप बाजरे का आटा
1 कप गुड़, कटाया हुआ
1 कप घी
2 बड़े चम्मच गोंद
1/4 छोटी चम्मच इलायची पाउडर
10 पिस्ता, कटे हुए
7 बादाम, कटे हुए
विधि
सबसे पहले एक कड़ाही में घी गरम करें। इसमें गोंद डालकर फ्राई करें जब तक वह फूल कर कुरकुरा न हो जाए। फिर गोंद को निकालकर एक कटोरी की उल्टी तरफ दबा कर चूर कर लें।
उसी घी में बाजरे के आटे को अच्छी तरह भून लें। जब आटे से खुशबू आने लगे और घी किनारों पर छोड़ने लगे तो इसमें गुड़, आधे बादाम, पिस्ता, गोंद और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। फिर गैस बंद कर दें।
अब एक थाली लें और उसमें घी लगाकर चिकना कर लें। तैयार मिश्रण को थाली में डालकर अच्छी तरह दबाकर समतल कर लें। ऊपर से बचा हुआ बादाम और पिस्ता सजाकर हल्के से दबा दें।
थोड़ा ठंडा होने पर सुकड़ी को अपनी पसंद के अनुसार टुकड़ों में काट लें।
बाजरे की सुकड़ी तैयार है। इसे आप त्योहारों या खास अवसरों पर आनंद के साथ परोस सकते हैं। इसका स्वाद मीठा, पौष्टिक और स्वादिष्ट होता है।

No comments:
Post a Comment